2026-05-18 15:30:47
नई दिल्ली / भव्य खबर । दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सोमवार को ‘मेरा भारत, मेरा योगदान’ अभियान के तहत शुरू की गई ‘मेट्रो मंडे’ पहल में भाग लेकर सार्वजनिक परिवहन, ईंधन संरक्षण और जनभागीदारी का संदेश दिया। मुख्यमंत्री की अपील पर दिल्ली सरकार के मंत्रियों और वरिष्ठ अधिकारियों ने भी अपने कार्यालय पहुंचने के लिए मेट्रो और डीटीसी बसों का उपयोग किया।
मुख्यमंत्री ने दिन की शुरुआत अपने आवास से पैदल चलकर लोक निवास पहुंचने के साथ की, जहां उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। इसके बाद वह इलेक्ट्रिक कार से कश्मीरी गेट मेट्रो स्टेशन पहुंचीं और वहां से आईटीओ तक मेट्रो से यात्रा की। आईटीओ स्टेशन से दिल्ली सचिवालय तक मुख्यमंत्री ने फीडर बस सेवा का उपयोग किया। इस दौरान कैबिनेट मंत्री प्रवेश साहिब सिंह और रविन्द्र इंद्राज भी उनके साथ मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि ‘मेरा भारत, मेरा योगदान’ केवल सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि जनभागीदारी का एक व्यापक अभियान है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रहित में किया गया छोटा-सा प्रयास भी ऊर्जा सुरक्षा, पर्यावरण संरक्षण और आर्थिक संतुलन को मजबूत बनाने में अहम भूमिका निभाता है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा देशवासियों से ईंधन बचत और सार्वजनिक परिवहन अपनाने की अपील को दिल्ली सरकार जन-अभियान के रूप में आगे बढ़ा रही है। मुख्यमंत्री ने बताया कि ‘मेट्रो मंडे’ के जरिए लोगों को सप्ताह में कम-से-कम एक दिन सार्वजनिक परिवहन का उपयोग करने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली सरकार भी उदाहरण प्रस्तुत करते हुए सप्ताह में दो दिन वर्क फ्रॉम होम व्यवस्था, सरकारी वाहनों के उपयोग में कमी, ऑनलाइन बैठकों को बढ़ावा और सार्वजनिक परिवहन के अधिकतम उपयोग जैसे कदम उठा रही है। उन्होंने कहा कि मेट्रो और डीटीसी बसों का अधिक इस्तेमाल न केवल ईंधन बचाएगा, बल्कि ट्रैफिक जाम और प्रदूषण को कम करने में भी मददगार साबित होगा।
मुख्यमंत्री ने दिल्लीवासियों से अपील की कि वे अपनी दैनिक दिनचर्या में मेट्रो, डीटीसी बसों और अन्य सार्वजनिक परिवहन साधनों को शामिल करें। उन्होंने कहा कि इससे राजधानी को अधिक स्वच्छ, सुगम और पर्यावरण-अनुकूल बनाया जा सकेगा। साथ ही सरकार सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था और लास्ट माइल कनेक्टिविटी को मजबूत करने के लिए लगातार काम कर रही है, ताकि लोगों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।
मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली सरकार के मंत्री, विधायक और अधिकारी भी सार्वजनिक परिवहन का उपयोग कर लोगों को प्रेरित करने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि दिल्लीवासियों के सहयोग से विकसित भारत के संकल्प के अनुरूप विकसित दिल्ली का लक्ष्य अवश्य हासिल किया जाएगा।