हरियाणा निकाय चुनावों में भाजपा की बड़ी जीत, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने प्रदेशवासियों का जताया आभार

हरियाणा के नगर निकाय चुनावों में भारतीय जनता पार्टी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कई महत्वपूर्ण नगर निगमों और नगर पालिकाओं में जीत हासिल की है।
News

2026-05-13 23:56:45

हरियाणा / भव्य खबर । हरियाणा के नगर निकाय चुनावों में भारतीय जनता पार्टी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कई महत्वपूर्ण नगर निगमों और नगर पालिकाओं में जीत हासिल की है। चुनाव परिणामों के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हरियाणा की जनता का आभार व्यक्त करते हुए इसे विकास और सुशासन की नीतियों पर जनता के अटूट विश्वास का प्रतीक बताया।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया के माध्यम से कहा कि हरियाणा के नगर निकाय चुनावों में भाजपा की शानदार विजय के लिए राज्य के उनके परिवारजनों का बहुत-बहुत आभार। उन्होंने कहा कि यह जीत एक बार फिर साबित करती है कि जनता-जनार्दन का भाजपा-एनडीए सरकार द्वारा किए जा रहे विकास कार्यों और सुशासन की नीतियों पर अटूट विश्वास है। प्रधानमंत्री ने यह भी कहा कि यह विजय हरियाणा की डबल इंजन सरकार पर प्रदेशवासियों के भरोसे का प्रतीक है।

नगर निकाय चुनावों के तहत 10 मई को मतदान हुआ था, जबकि मतगणना 13 मई यानी बुधवार सुबह 8 बजे से शुरू हुई। मतगणना के दौरान कई सीटों पर भाजपा उम्मीदवारों ने बढ़त बनाए रखी और अंततः जीत दर्ज की।

प्रमुख परिणामों में पंचकूला नगर निगम से भाजपा के श्यामलाल बंसल विजयी रहे। अंबाला नगर निगम में भाजपा की अक्षिता सैनी ने जीत हासिल की, जबकि सोनीपत नगर निगम में भाजपा के राजीव जैन ने सफलता प्राप्त की। सांपला नगर पालिका में भाजपा उम्मीदवार प्रवीण कोच ने जीत दर्ज की।

उकलाना नगर पालिका में निर्दलीय उम्मीदवार रीमा सोनी ने जीत हासिल कर सबका ध्यान आकर्षित किया। वहीं धारूहेड़ा नगर पालिका में भाजपा के अजय जांगड़ा विजयी रहे। रेवाड़ी नगर परिषद में भाजपा की विनीता पीपल ने जीत दर्ज कर पार्टी की स्थिति को और मजबूत किया।

चुनावी नतीजों के बाद संत कबीर कुटीर, चंडीगढ़ स्थित मुख्यमंत्री आवास पर हरियाणा भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली और भाजपा प्रदेश महामंत्री (संगठन) फनींद्र नाथ शर्मा ने मुख्यमंत्री से की मुलाकात और निकाय चुनावों में भारतीय जनता पार्टी को मिली ऐतिहासिक विजय पर शुभकामनाएं और बधाई दी।

मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया के माध्यम से कहा यह विजय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व, भाजपा की जनकल्याणकारी नीतियों और हरियाणा की सम्मानित जनता के विश्वास की जीत है। साथ ही यह भी दोहराया गया कि प्रदेश के परिवारजनों के विश्वास पर खरा उतरते हुए हरियाणा के विकास को नई गति देने के लिए भाजपा सरकार निरंतर कार्य करती रहेगी।

चुनाव परिणामों के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों में उत्साह का माहौल देखने को मिला। कई स्थानों पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने मिठाइयां बांटकर और ढोल-नगाड़ों के साथ जीत का जश्न मनाया।

वही यह कहना गलत नही होगा की निकाय चुनावों में भाजपा की यह जीत आगामी राजनीतिक समीकरणों के लिहाज से भी काफी महत्वपूर्ण रही। यह परिणाम प्रदेश में भाजपा संगठन की मजबूत पकड़ और सरकार की नीतियों के प्रति जनता के समर्थन को दर्शाते हैं।

Readers Comments

Post Your Comment here.
Characters allowed :
Follow Us


Monday - Saturday: 10:00 - 17:00    |    
info@bhavykhabar.com
Copyright© Bhavy Khabar
Powered by DiGital Companion