भगवंत मान का राजनीतिक घर बिखर चुका, अब पंजाब में भाजपा का कमल खिलेगा अनिल विज

हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज ने पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि आम आदमी पार्टी का राजनीतिक आधार कमजोर हो चुका है और अब पंजाब में भारतीय जनता पार्टी का कमल खिलेगा।
News

2026-05-11 23:02:46

हरियाणा / भव्य खबर । हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज ने पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि आम आदमी पार्टी का राजनीतिक आधार कमजोर हो चुका है और अब पंजाब में भारतीय जनता पार्टी का कमल खिलेगा।

चंडीगढ़ में मीडिया से बातचीत करते हुए अनिल विज ने कहा कि भगवंत मान का “राजनीतिक घर” बिखर चुका है और उनकी पार्टी टूट की स्थिति में पहुंच गई है। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी का अस्तित्व समाप्ति की ओर बढ़ रहा है।

“ब्लास्ट के आरोप साबित करें भगवंत मान”

पंजाब में हुए विस्फोटों को लेकर मुख्यमंत्री भगवंत मान द्वारा भाजपा पर लगाए गए आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए विज ने कहा कि यदि कोई मुख्यमंत्री भाजपा पर ब्लास्ट करवाने जैसे गंभीर आरोप लगाता है, तो उसे उसके प्रमाण भी देने चाहिए। उन्होंने कहा कि भगवंत मान सिर्फ मुख्यमंत्री ही नहीं, बल्कि पंजाब के गृह मंत्री भी हैं। ऐसे में यदि उनके पास सबूत नहीं हैं, तो उन्हें कुर्सी पर बने रहने का अधिकार नहीं है।

“जांच एजेंसियां अपना काम कर रही हैं”

भाजपा के कथित “ऑपरेशन लोटस” और आम आदमी पार्टी के नेताओं पर जांच एजेंसियों की कार्रवाई को लेकर पूछे गए सवाल पर विज ने कहा कि एजेंसियां अपना संवैधानिक कार्य कर रही हैं। उन्होंने कहा कि यदि किसी निर्दोष को फंसाए जाने का एक भी उदाहरण हो, तो उसे सामने लाया जाए।

उन्होंने कहा कि अदालतें तथ्यों और सबूतों के आधार पर कार्रवाई करती हैं और केवल आरोप लगाने से कोई व्यक्ति दोषी या निर्दोष नहीं हो जाता।

“संकट के समय संयम जरूरी”

मिडिल ईस्ट की परिस्थितियों और उसके प्रभाव को लेकर पूछे गए सवाल पर विज ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय हालात के कारण चुनौतियां जरूर पैदा हुई हैं, लेकिन भारत इसका कारण नहीं है। उन्होंने कहा कि ऐसे समय में संयम और समझदारी से काम लेना जरूरी होता है।

उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि जैसे घर में सीमित संसाधनों को सभी में बांटकर उपयोग किया जाता है, उसी प्रकार संकट के समय देश को भी संतुलित तरीके से आगे बढ़ना चाहिए। विज ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा देशहित में दी गई सलाह पूरी तरह उचित है।

“मेक इन इंडिया से रक्षा क्षेत्र में ऐतिहासिक प्रगति”

अनिल विज ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में “मेक इन इंडिया” अभियान और रक्षा क्षेत्र में भारत ने ऐतिहासिक प्रगति हासिल की है। उन्होंने कहा कि आज भारत दुनिया के कई देशों को रक्षा उपकरण निर्यात कर रहा है और आत्मनिर्भरता की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।

“मैं पार्टी का कार्यकर्ता हूं”

पंजाब दौरे को लेकर पूछे गए सवाल पर विज ने कहा कि वह पार्टी के एक छोटे से कार्यकर्ता हैं और पार्टी जहां भी जिम्मेदारी देती है, वह उसे पूरी निष्ठा से निभाते हैं।

Readers Comments

Post Your Comment here.
Characters allowed :
Follow Us


Monday - Saturday: 10:00 - 17:00    |    
info@bhavykhabar.com
Copyright© Bhavy Khabar
Powered by DiGital Companion