2026-05-07 20:19:27
हरियाणा / भव्य खबर । हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने उकलाना नगर पालिका चुनाव में भारतीय जनता पार्टी की चेयरमैन प्रत्याशी निकिता गोयल के समर्थन में आयोजित कई जनसभाओं को संबोधित किया। मुख्यमंत्री ने कबीर छात्रावास, रविदास भवन, रावती फिलिंग स्टेशन के समीप तथा अशोक गर्ग के निवास स्थान पर आयोजित कार्यक्रमों में भाग लेकर भाजपा प्रत्याशी के पक्ष में मतदान की अपील की।
कार्यक्रम में भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मोहनलाल बडोली, कैबिनेट मंत्री कृष्ण कुमार बेदी, विधायक विनोद भयाना, प्रदेश महामंत्री सुरेंद्र पूनिया, जिला अध्यक्ष डॉ. आशा खेड़ड़, पूर्व मंत्री अनूप धानक सहित कई वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
“भाजपा अपने संकल्प पूरे करने वाली पार्टी”
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने जनसभाओं को संबोधित करते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी केवल वादे नहीं करती बल्कि उन्हें पूरा भी करती है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने डेढ़ वर्ष के कार्यकाल में 217 संकल्पों में से 63 संकल्प पूरे कर लिए हैं। उन्होंने दावा किया कि प्रदेशभर में स्थानीय निकाय चुनावों में कमल के फूल के पक्ष में एकतरफा माहौल बना हुआ है।
मुख्यमंत्री ने उकलाना की जनता से 10 मई को कमल के फूल का बटन दबाकर निकिता गोयल को भारी बहुमत से विजयी बनाने की अपील करते हुए कहा कि चुनाव के बाद उकलाना में भी ट्रिपल इंजन सरकार बनेगी, जिससे विकास कार्यों की गति तीन गुना बढ़ जाएगी।
युवाओं, महिलाओं और गरीबों के लिए योजनाओं का किया उल्लेख
मुख्यमंत्री ने कहा कि विधानसभा चुनाव के बाद सरकार ने अपने वायदे के अनुसार सबसे पहले 25 हजार युवाओं को नौकरी पर जॉइन करवाया और उसके बाद मंत्रिमंडल ने शपथ ली। उन्होंने आयुष्मान भारत और चिरायु योजना का जिक्र करते हुए कहा कि प्रदेश के करीब डेढ़ करोड़ लोग इन योजनाओं से जुड़े हैं और लगभग 27.5 लाख लोगों का मुफ्त इलाज कराया जा चुका है। इस पर सरकार करीब 4 हजार करोड़ रुपये खर्च कर चुकी है। उन्होंने कहा कि किडनी रोगियों के लिए डायलिसिस की सुविधा भी पूरी तरह निशुल्क कर दी गई है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा सरकार ने गरीब परिवारों की महिलाओं को 500 रुपये में गैस सिलेंडर उपलब्ध करवाने की योजना लागू की है। साथ ही पंडित दीनदयाल उपाध्याय लाडो लक्ष्मी योजना के बजट को 4 हजार करोड़ रुपये से बढ़ाकर 6500 करोड़ रुपये किया गया है, जिसके तहत महिलाओं को प्रतिमाह 2100 रुपये की आर्थिक सहायता दी जा रही है।
प्रधानमंत्री आवास योजना और विकास कार्यों पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत प्रदेश में 1 लाख 60 हजार मकान बनाकर दिए गए हैं। जिन परिवारों के पास मकान बनाने के लिए जमीन नहीं है, उन्हें गांवों में 100 गज और शहरों में 30 गज के प्लॉट दिए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार किसान, गरीब, महिला और युवा सहित समाज के हर वर्ग के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है। उकलाना शहर की पेयजल, अंडरपास और गलियों से जुड़ी समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा।
“ट्रिपल इंजन सरकार से विकास को मिलेगी गति” : बडोली
भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मोहनलाल बडोली ने कहा कि भाजपा सरकार ने हरियाणा में ऐतिहासिक विकास कार्य किए हैं। उन्होंने उकलाना की जनता से नगर पालिका चुनाव में भाजपा प्रत्याशी निकिता गोयल को समर्थन देने की अपील करते हुए कहा कि ट्रिपल इंजन सरकार बनने से क्षेत्र में विकास कार्यों को और अधिक गति मिलेगी।